कैंट रेलवे स्टेशन पर 1.95 करोड़ रुपये की ज्वेलरी बरामद, दो युवक हिरासत में

 
 वाराणसी कैंट स्टेशन पर करोड़ों की ज्वेलरी पकड़ी गई, आयकर विभाग करेगा जांच

वाराणसी। सावन के मद्देनजर चलाए जा रहे सघन सुरक्षा एवं जांच अभियान के दौरान वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने करीब 1.95 करोड़ रुपये मूल्य की ज्वेलरी बरामद की है। इस मामले में सूरत निवासी दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बरामद आभूषणों से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है।

जानकारी के अनुसार, कैंट रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की नियमित जांच के दौरान दोनों युवक संदेहास्पद स्थिति में मिले। तलाशी लेने पर उनके पास से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद हुए। पूछताछ के दौरान दोनों युवक बरामद ज्वेलरी के स्वामित्व एवं स्रोत से संबंधित संतोषजनक जानकारी या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने तत्काल आयकर विभाग को सूचना दी। आयकर विभाग की टीम द्वारा ज्वेलरी के स्वामित्व, खरीद-बिक्री से जुड़े अभिलेख, परिवहन के उद्देश्य तथा गंतव्य सहित सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जाएगी।

आरपीएफ कैंट के निरीक्षक संदीप यादव ने बताया कि दोनों युवकों को फिलहाल जीआरपी थाने में रखा गया है। आयकर विभाग की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सावन के दौरान रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।