वाराणसी पहुँचा जंतर-मंतर विवाद! BHU से लेकर काशी विद्यापीठ तक छावनी में बदला विद्यालय परिसर...

नई दिल्ली के जंतर-मंतर विवाद के विरोध में वाराणसी के BHU और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रों का प्रदर्शन जारी है। दोनों परिसरों और पीएमओ कार्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
 

वाराणसी। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध की गूंज अब वाराणसी तक पहुंच गई है। बुधवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया, जिसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई।

 

दोनों विश्वविद्यालय परिसरों में भारी संख्या में पुलिस और आरआरएफ (Rapid Response Force) के जवान तैनात किए गए हैं।

 

सुबह से ही काशी विद्यापीठ परिसर में छात्रों के जुटने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और पुलिस अधिकारियों ने लगातार पैदल मार्च कर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

BHU में तीसरे दिन भी जारी रहा विरोध

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। जंतर-मंतर की घटना के विरोध में छात्र-छात्राओं ने अपनी नाराजगी जताई और शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

PMO कार्यालय के बाहर भी बढ़ाई गई सुरक्षा

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर वाराणसी स्थित प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय (PMO Office) के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस लगातार संवेदनशील स्थानों पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोका जा सके।

पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील

पुलिस अधिकारियों ने छात्रों और आम नागरिकों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।