जैतपुरा पुलिस ने पकड़ी गांजे की बड़ी खेप, तीन तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी। जैतपुरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 27 किलो 615 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, जैतपुरा थाना क्षेत्र के नक्खीघाट अंडरपास के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
कार्रवाई में जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह और कांस्टेबल विपिन मिश्रा समेत पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।