काशी में बारिश का इंतजार खत्म? मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

48% कम बारिश से बढ़ी चिंता, आज वाराणसी में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
 
बादलों की घेराबंदी के बावजूद काशी में सिर्फ 1.6 मिमी बारिश, आज भारी वर्षा का अलर्ट

वाराणसी। मानसून की सक्रियता बढ़ने और दिनभर घने बादलों की मौजूदगी के बावजूद वाराणसी में अपेक्षित बारिश नहीं हुई। पिछले 12 घंटों के दौरान शहर में मात्र 1.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। हालांकि मौसम विभाग ने सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है।

रविवार को शहर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच केवल 1.1 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। दिनभर 15 से 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के कारण मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, चालू मानसून सत्र में वाराणसी में अब तक सामान्य से 48 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। इस अवधि में जहां 266 मिलीमीटर बारिश सामान्य मानी जाती है, वहीं अब तक केवल 138.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। बारिश की कमी से कृषि गतिविधियों और भूजल स्तर को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।

यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र भले ही कमजोर पड़ा हो, लेकिन वहां से आने वाला मानसूनी प्रवाह लगातार मजबूत हो रहा है। साथ ही मानसूनी द्रोणी भी अपनी सामान्य स्थिति के करीब पहुंच रही है, जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित कई जिलों में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 22 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसी के मद्देनज़र वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, तेज हवा और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है।