वाराणसी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम, घाटों से लेकर विद्यालयों और पार्कों तक हुआ सामूहिक योगाभ्यास

वाराणसी में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर काशी विद्यापीठ, नमो घाट, सारनाथ सहित जनपद के विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। हजारों लोगों ने योग कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

 
काशी विद्यापीठ, नमो घाट समेत जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में हजारों लोगों ने किया योग, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प

वाराणसी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को वाराणसी जनपद योगमय नजर आया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न स्थानों पर भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य कार्यक्रम महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मैदान में आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर तथा भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षित योगाभ्यासियों द्वारा कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योगासन एवं प्राणायाम का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा।

अपने संबोधन में मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाती है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

वहीं नमो घाट पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी उपस्थित रहे। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश डॉ. आदर्श सिंह, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। डॉ. नीलकंठ तिवारी ने योग को भारत की सनातन परंपरा का अभिन्न अंग बताते हुए इसके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। उत्तरी विधानसभा में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एवं मूलगंध कुटी विहार सारनाथ, दक्षिणी में नमो घाट, कैंट में निवेदिता शिक्षा निकेतन महमूरगंज, रोहनिया में पारस बालिका इंटर कॉलेज बीएलडब्ल्यू, सेवापुरी एवं शिवपुर के विकास खंड परिसरों, पिंडरा के नेशनल इंटर कॉलेज तथा अजगरा के अमर शहीद इंटर कॉलेज आयर में सामूहिक योगाभ्यास किया गया।

इसके अलावा जनपद के सभी प्रमुख घाटों, पार्कों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों तथा विकास खंड मुख्यालयों में भी योग कार्यक्रम आयोजित हुए, जहां हजारों लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रमों का आयोजन आयुष विभाग, शैक्षणिक संस्थानों तथा स्थानीय प्रशासन के सहयोग से किया गया। पूरे जनपद में योग दिवस को लेकर विशेष उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।