काशी विद्यापीठ में इंफ्लुएंसर को दौड़ाकर पीटा! वीडियो वायरल होने से मचा था हड़कंप, जानिए क्या था पूरा मामला ?

काशी विद्यापीठ में इंफ्लुएंसर को दौड़ाकर पीटा! वीडियो वायरल होने से मचा था हड़कंप, जानिए क्या था पूरा मामला ?
 
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सेमेस्टर परीक्षा के अंतिम दिन छात्राओं के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में तीन छात्राएं एक इंफ्लुएंसर छात्रा को दौड़ाकर पीटती नजर आ रही हैं। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मानविकी संकाय में स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राओं का अनौपचारिक विदाई कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर छात्रा वैष्णवी और कुछ छात्राओं के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कमेंटबाजी और सोशल मीडिया फॉलोवर्स को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद तीन छात्राओं ने वैष्णवी को दौड़ाकर पकड़ा और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि छात्राओं ने उसके बाल खींचे, जमीन पर गिराकर पीटा और घूंसे मारे। बीच-बचाव करने पहुंची एक अन्य छात्रा को भी थप्पड़ लगने की बात सामने आई है। करीब तीन मिनट तक कैंपस में हंगामा चलता रहा, जबकि मौके पर मौजूद छात्र वीडियो बनाते रहे।

घटना के बाद घायल छात्रा वैष्णवी ने सिगरा थाने में तहरीर देकर आरोपी छात्राओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं उसने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। वैष्णवी ने आरोप लगाया कि कुछ छात्राएं लंबे समय से सोशल मीडिया पर उसे लेकर कमेंटबाजी करती थीं।

दूसरी ओर, दूसरे पक्ष की छात्राओं का आरोप है कि वैष्णवी फेक आईडी के जरिए सोशल मीडिया पर कमेंट करवाती थी और विवाद की शुरुआत उसी ने की। बताया जा रहा है कि वैष्णवी के इंस्टाग्राम पर दो अकाउंट हैं, जिनमें हजारों फॉलोवर्स मौजूद हैं।

घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मारपीट में शामिल छात्राओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। वहीं सिगरा पुलिस ने भी परिसर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों में हाथापाई हुई है और मामले की जांच की जा रही है।