काशी में 2100 ड्रोन से आसमान में उतरा शिव तांडव, दीपों की रोशनी से जगमगाए गंगा के घाट

परंपरा और तकनीक का संगम बनी काशी की देव दीपावली, ड्रोन शो ने खींचा सबका ध्यान
 

वाराणसी। धर्म और आस्था की नगरी काशी में मंगलवार को देव दीपावली का पर्व अद्भुत छटा के बीच मनाया गया। कार्तिक पूर्णिमा की शाम गंगा के घाटों से लेकर कुंडों और सरोवरों तक दीपों की रोशनी से पूरा शहर जगमगा उठा। गंगा के अर्धचंद्राकार तट पर सजे दीपों और आसमान में आधुनिक तकनीक से प्रस्तुत शिव तांडव के दृश्य ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस बार आयोजन में परंपरा के साथ आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिला।

इस वर्ष देव दीपावली पर काशी के 51 प्रमुख गंगा घाटों पर एक साथ गंगा आरती का आयोजन किया गया। आदि केशव घाट से सामने घाट तक शंखनाद, घंटियों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की आराधना हुई। रामघाट पर पहली बार गंगा आरती आयोजित की गई। वहीं, केंद्रीय देव दीपावली महासमिति के अनुसार, काशी के 84 घाटों पर करीब 200 समितियों की ओर से दीपदान की व्यवस्था की गई थी। घाटों पर जलते दीपों की कतारें और गंगा की लहरों पर पड़ती उनकी चमक ने पूरे वातावरण को अलौकिक बना दिया।

इस बार उत्सव का प्रमुख आकर्षण 2100 स्वदेशी ड्रोन का विशेष शो रहा। गंगा पार रेती पर आयोजित इस प्रस्तुति में ड्रोन के माध्यम से आसमान में भगवान शिव की आकृति, महेश्वर सूत्र, शिव तांडव और गंगा अवतरण के दृश्य उकेरे गए। करीब दस मिनट तक चले इस कार्यक्रम में समन्वित ड्रोन की रोशनी ने आकाश को एक विशाल दृश्य मंच में बदल दिया। श्रद्धालु मोबाइल कैमरों में इन नजारों को कैद करते नजर आए।

दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से विशेष महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें 21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं ने हिस्सा लिया। देव कन्याओं ने ऋद्धि और सिद्धि का स्वरूप प्रस्तुत किया। दीपों की रोशनी, डमरुओं की गूंज और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई आरती ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई। घाट को फूलों और दीपों से विशेष रूप से सजाया गया था।

चेतसिंह घाट पर थ्री-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो भी आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं, ललिता घाट के सामने गंगा पार रेती पर भगवान शिव को समर्पित भजनों के बीच हरित आतिशबाजी का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे आसमान और घाटों पर उमड़ी भीड़ ने देव दीपावली के उत्सव को यादगार बना दिया।

अस्सी, तुलसी, भदैनी और चेतसिंह घाट सहित प्रमुख घाटों पर देर रात तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ बनी रही। गंगा में सजी नावों से लोगों ने घाटों की दीपमालिका का नजारा देखा। इस बार काशी की देव दीपावली ने धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और स्वदेशी तकनीक के समन्वय से देश-दुनिया का ध्यान आकर्षित किया।