वाराणसी में ए. के. शर्मा की समीक्षा बैठक, मानसून और बिजली व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश

 

वाराणसी। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सभी नगर निकाय नालियों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर लें, ताकि बरसात के दौरान कहीं भी जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

बैठक में मंत्री ने नगर निकायों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सड़क किनारे और डिवाइडरों के आसपास फैली गंदगी को हटाकर वहां पौधरोपण किया जाए तथा शहरों को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, हरियाली और बेहतर शहरी आधारभूत सुविधाएं किसी भी शहर की पहचान होती हैं, इसलिए अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए।

 

उन्होंने नगर विकास विभाग की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनहित से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और उनकी नियमित निगरानी करने पर जोर दिया।

ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, खराब ट्रांसफार्मरों के त्वरित प्रतिस्थापन और वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

ए. के. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी और मानसून के दौरान विद्युत आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने 1912 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

मंत्री ने कहा कि नगर विकास और ऊर्जा विभाग की सेवाएं सीधे आमजन के जीवन से जुड़ी हैं। इसलिए सभी अधिकारी जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास सुनिश्चित करें। बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार सहित नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।