HIV जागरूकता कार्यक्रम में छात्रों को दी गई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जानकारी
वाराणसी। धधरपुर स्थित आर.एन. डिग्री कॉलेज, वाराणसी में सघन HIV जागरूकता अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को HIV संक्रमण, बचाव के उपायों तथा समय रहते जांच कराने के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय, वाराणसी के एसएसके (SSK) मैनेजर राकेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को HIV, STI और TB संक्रमण से बचाव, आवश्यक सावधानियों तथा जांच से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों के प्रति जागरूक रहना और आवश्यकता पड़ने पर समय से जांच कराना बेहद जरूरी है।
इस दौरान उन्होंने i-SCAN (Self Risk Assessment & HIV/Syphilis Testing) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य जोखिम को लेकर केवल अनुमान लगाने के बजाय सही जानकारी प्राप्त करने और समय रहते जांच कराने के लिए प्रेरित किया।
राकेश कुमार ने विद्यार्थियों को ‘अनुमान छोड़िए, SCAN कीजिए’ का संदेश देते हुए HIV के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने HIV संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1097 की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को संक्रमण से बचाव, जागरूकता और समय पर जांच के महत्व के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।