वाराणसी में बढ़ी नमी, मौसम विभाग ने जताई झमाझम बारिश की संभावना

 
 वाराणसी में बदलेगा मौसम का मिजाज, झमाझम बारिश के संकेत

वाराणसी। पूर्वांचल समेत वाराणसी में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले कुछ दिनों से बढ़ी उमस और सामान्य से अधिक तापमान के बीच अब मौसम विभाग ने अगले दो दिनों बाद झमाझम बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार वातावरण में नमी लगातार बढ़ रही है, जिससे बादलों की सक्रियता तेज होगी और बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

शनिवार सुबह वाराणसी में आर्द्रता 91 प्रतिशत तक पहुंच गई। हालांकि सुबह आसमान में बादलों की सघनता कम रही, लेकिन उमस के कारण लोगों को गर्मी का अहसास होता रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बढ़ी हुई नमी और स्थानीय स्तर पर बनने वाली गर्मी (लोकल हीटिंग) के कारण अगले दो दिनों में बादलों का विकास होगा, जिससे अच्छी बारिश होने की संभावना है।

 तापमान सामान्य से अधिक

मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटे में वाराणसी का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक है। इस अवधि में 5.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

 दो दिन बाद राहत की उम्मीद

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बाद पूर्वांचल और वाराणसी में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इससे तापमान में कमी आएगी और उमस से राहत मिलेगी। विशेषज्ञों के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों से साफ आसमान और तेज उमस के कारण तापमान बढ़ा है, लेकिन अब यही परिस्थितियां बादलों के निर्माण में सहायक बनेंगी।

 सावन भर सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विभाग का कहना है कि सावन माह के दौरान पूर्वांचल में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और रुक-रुक कर वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। लगातार बढ़ती नमी और मानसूनी गतिविधियों के चलते आने वाले दिनों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।