वाराणसी में सावन पर हाई अलर्ट! श्रद्धालुओं को 'सर' और 'मैडम' कहकर संबोधित करेगी पुलिस, कमिश्नर ने जांची सुरक्षा व्यवस्था
वाराणसी। सावन के प्रथम सोमवार को लेकर वाराणसी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रविवार देर शाम पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने श्री काशी विश्वनाथ धाम, गंगा घाटों और कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि ड्यूटी के दौरान सभी श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें और उन्हें 'सर' एवं 'मैडम' कहकर संबोधित करते हुए हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने गिरजाघर मार्ग, गोदौलिया, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और आसपास के प्रमुख क्षेत्रों का पैदल भ्रमण किया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काशी आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित और सकारात्मक अनुभव लेकर लौटे, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि पूरे कांवड़ मार्ग और काशी विश्वनाथ धाम क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी कैमरे और यातायात व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
प्रयागराज-वाराणसी कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए अलग लेन निर्धारित की गई है। इस मार्ग पर पुलिस रिस्पांस व्हीकल (PRV), क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही अवैध कट बंद करने और प्रमुख चौराहों पर जिगजैग बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कांवड़ियों और अन्य वाहनों का आवागमन सुरक्षित और सुचारु बना रहे।
प्रशासन का कहना है कि सावन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।