मुख्यमंत्री योगी के वाराणसी दौरे से पहले हाई अलर्ट, पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस उपायुक्तों, सहायक पुलिस आयुक्तों, थाना प्रभारियों एवं पुलिस कर्मियों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग कर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और वीआईपी मूवमेंट को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल एवं वीआईपी रूट पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी मार्गों को पूर्णतः अवरोधमुक्त रखा जाए तथा कहीं भी अवैध रूप से वाहन खड़े न होने दिए जाएं। कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्थायी पार्किंग, बैरिकेडिंग एवं सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
प्रत्येक व्यक्ति की होगी सघन जांच
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की फ्रिस्किंग (सघन तलाशी) के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। महिलाओं की जांच केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी तथा भीड़ नियंत्रण के दौरान 'नो टच पॉलिसी' का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
नो-फ्लाई जोन रहेगा कार्यक्रम क्षेत्र
सुरक्षा व्यवस्था के तहत कार्यक्रम स्थल एवं वीआईपी रूट को 'नो-फ्लाई जोन' घोषित करने के निर्देश दिए गए हैं। ड्रोन सहित किसी भी प्रकार की उड़ने वाली वस्तु के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई जाएगी तथा सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।
ट्रैफिक और आपदा प्रबंधन पर विशेष जोर
बैठक में निर्देश दिए गए कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान पूर्व निर्धारित रूट डायवर्जन योजना का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित रहे। कार्यक्रम स्थल पर अग्निशमन वाहन, फायर टीम तथा अन्य आपातकालीन संसाधनों की तैनाती रहे, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
ड्यूटी में अनुशासन और संवेदनशील व्यवहार के निर्देश
पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस कर्मियों को निर्धारित समय से पूर्व ड्यूटी स्थल पर बेहतर टर्नआउट के साथ उपस्थित रहने, ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का अनावश्यक उपयोग न करने, अनुशासन बनाए रखने तथा आमजन के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त गौरव बंशवाल, प्रमोद कुमार एवं नीतू सहित सभी राजपत्रित अधिकारी, सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।