वाराणसी में रोपवे मार्ग पर लगेंगी हेरिटेज स्ट्रीट लाइटें, बदलेगी काशी की सूरत
वाराणसी। काशी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को और आकर्षक बनाने की दिशा में नगर निगम की ओर से एक नई पहल की जा रही है। शहर में कैंट से गोदौलिया तक प्रस्तावित रोपवे मार्ग पर हेरिटेज लुक वाली स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इससे न केवल रात के समय सड़कों की रोशनी और दृश्यता बेहतर होगी, बल्कि काशी की प्राचीन विरासत के अनुरूप शहर की सुंदरता भी निखरेगी।
रोपवे मार्ग पर पहले से लगी स्ट्रीट लाइटों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इस मार्ग पर ऐसी लाइटें लगाने की योजना है, जिनका डिजाइन काशी की ऐतिहासिक पहचान और पारंपरिक स्थापत्य शैली से मेल खाए। इसके साथ ही मार्ग पर जगह-जगह फैले और लटकते बिजली के तारों को भूमिगत करने की भी तैयारी है। इससे सड़कों का स्वरूप व्यवस्थित होगा और पर्यटकों को बेहतर वातावरण मिलेगा।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि हेरिटेज स्ट्रीट लाइटों में इस्तेमाल होने वाले चमकीले एलईडी बल्ब रात में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराएंगे। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़क पर मौजूद संभावित बाधाओं को देखना भी आसान होगा। इन लाइटों के जरिए पर्यटकों को काशी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।
दरअसल, इससे पहले पर्यटन विभाग की ओर से शहर के पांच प्राचीन बाजारों कचौड़ी गली, लहुराबीर, राजमंदिर, बंगाली टोला और मदनपुरा का कायाकल्प कराया गया था। इन क्षेत्रों में पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गलियों को व्यवस्थित करने के साथ बिजली के लटकते तारों को भूमिगत किया गया और पुराने शहर के स्वरूप से मेल खाने वाली हेरिटेज स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं। इस पहल के बेहतर परिणाम को देखते हुए अब रोपवे मार्ग पर भी इसी तरह की व्यवस्था लागू करने की तैयारी है।
अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार के अनुसार, कैंट से गोदौलिया के अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। कुछ स्थानों पर हेरिटेज डिजाइन वाली लाइटें लगाई जा रही हैं, जबकि कई जगह सेंसर आधारित लाइटों का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे बिजली की खपत कम करने में मदद मिलेगी।
इस पहल से रोपवे मार्ग की रात में अलग पहचान बनने की उम्मीद है। साथ ही काशी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को शहर की आधुनिक सुविधाओं और पारंपरिक विरासत का बेहतर अनुभव मिल सकेगा।