खनन माफियाओं के आगे बेबस सिस्टम! अधिकारी को धमकाकर छुड़ाई जब्त JCB और ट्रैक्टर

वाराणसी के चोलापुर में खनन माफियाओं ने खनन अधिकारी को धमकाकर जब्त JCB और दो ट्रैक्टर छुड़ा लिए। 20 बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।
 
खनन माफियाओं का आतंक! अधिकारी को धमकाकर छुड़ाई JCB और ट्रैक्टर, 20 बदमाशों ने रात में बोला धावा

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में खनन माफियाओं के बढ़ते हौसलों ने प्रशासन और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे खनन अधिकारी को बदमाशों ने घेर लिया और धमकी देकर जब्त की गई एक जेसीबी तथा दो ट्रैक्टर मौके से छुड़ा ले गए। घटना के बाद इलाके में खनन माफियाओं के प्रभाव और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार खनन अधिकारी अनुज कुमार को सोमवार देर रात गोसाईपुर मोहांव क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी। वह एक होमगार्ड के साथ मौके पर पहुंचे और खनन में लगी एक जेसीबी व दो ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चोलापुर थाने की ओर रवाना हुए। आरोप है कि रास्ते में चार पहिया वाहनों और मोटरसाइकिलों से पहुंचे करीब 20 युवकों ने उनके वाहन को घेर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने खनन अधिकारी और होमगार्ड को जान से मारने की धमकी दी, अभद्रता की और जब्त किए गए वाहन जबरन छुड़ाकर फरार हो गए। घटना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

पीड़ित अधिकारी की तहरीर पर चोलापुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

इधर, सेवापुरी ब्लॉक के बरनी गांव में भी सरकारी भूमि पर अवैध खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद खनन पर रोक नहीं लग रही और प्रशासन कार्रवाई करने से बच रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कई जेसीबी और ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के रातभर सड़कों पर दौड़ते हैं, लेकिन न तो पुलिस और न ही परिवहन विभाग कोई प्रभावी कार्रवाई कर रहा है।

गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों में खनन से जुड़े अधिकारियों पर यह दूसरा बड़ा हमला बताया जा रहा है। इससे पहले भी कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को वाहन से कुचलने तक का प्रयास किया गया था। बावजूद इसके खनन माफियाओं के खिलाफ ठोस कार्रवाई न होने से उनके हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

एसीपी सारनाथ विदूष सक्सेना ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का दावा है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।