वाराणसी में दिल दहला देने वाली घटना! एक माह की बच्ची को जमीन पर पटका, "भगवान ने कहा था बलि चढ़ा दो"
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित अकथा पहड़िया की मुसहर बस्ती में शनिवार रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। पड़ोस में रहने वाले युवक विकास यादव पर आरोप है कि उसने एक माह की मासूम बच्ची को दादा की गोद से खेलने के बहाने लिया और कुछ दूरी पर ले जाकर जमीन पर पटक दिया।
घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका जबड़ा टूट गया। फिलहाल बच्ची को किलकारी हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
दादा की गोद से छीनकर बच्ची को तीन बार पटकने का आरोप
परिजनों के अनुसार बच्ची के दादा पप्पू शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपनी पोती को गोद में लेकर टहल रहे थे। तभी पड़ोस में रहने वाला विकास यादव वहां पहुंचा और बच्ची को खिलाने के बहाने गोद में ले लिया। आरोप है कि कुछ ही देर बाद उसने बच्ची को लगातार तीन बार जमीन पर पटक दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजन तत्काल घायल बच्ची को श्रीनगर कॉलोनी फेज-1 स्थित किलकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे आईसीयू में भर्ती किया।
“भगवान ने कहा था बलि चढ़ा दो”-पुलिस पूछताछ में आरोपी का दावा
सारनाथ थाना पुलिस ने आरोपी विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार यह कहता रहा कि “भगवान ने कहा था कि बच्ची की बलि चढ़ा दो।” हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पहले से दबंग और मनबढ़ प्रवृत्ति का व्यक्ति रहा है।
घटना के बाद सड़क जाम, लोगों में भारी आक्रोश
घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों और महिलाओं ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अशोका चौराहे पर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा ईंट-पत्थर चलाने की भी सूचना सामने आई। करीब आधे घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
एसीपी विदूष सक्सेना ने बताया कि बच्ची के दादा की तहरीर पर आरोपी विकास यादव, उसके पिता और मां के खिलाफ जानलेवा हमला और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।