स्वयं संकटमोचन हनुमान जी द्वारा निर्मित है काशी का हनुमान घाट
धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी Varanasi के पवित्र घाटों में एक विशेष स्थान रखने वाला Hanuman Ghat अपनी प्राचीनता, आध्यात्मिक महत्ता और सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है। मान्यता है कि इस घाट का निर्माण स्वयं संकटमोचन भगवान हनुमान जी ने कराया था।
आनंद रामायण के यात्रा कांड के 35वें एवं 36वें श्लोकों में उल्लेख मिलता है कि भगवान श्रीराम के काशी आगमन से पूर्व उनके परम भक्त हनुमान जी यहां आए थे। उन्होंने गंगा तट पर सुंदर पत्थरों से एक विशाल एवं भव्य घाट का निर्माण कराया। कालांतर में यह स्थान “हनुमान घाट” के नाम से प्रसिद्ध हुआ।
इतिहास के अनुसार, 16वीं शताब्दी में महान संत एवं रामचरितमानस के रचयिता Goswami Tulsidas ने यहां हनुमान मंदिर की स्थापना कराई थी। तभी से यह घाट श्रद्धालुओं और साधु-संतों की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया। आज भी यहां बड़ी संख्या में साधु-महात्मा निवास करते हैं और नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते हैं।
हनुमान घाट के ऊपरी भाग में स्थित प्राचीन विशाल हनुमान मंदिर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है। मंदिर परिसर में हनुमान जी के साथ राम दरबार, नवग्रह तथा अश्वमेध विजय के प्रतीक स्वरूप एक अश्व की प्रतिमा स्थापित है। मंदिर प्रांगण में भगवान दत्तात्रेय का अत्यंत भव्य मंदिर भी स्थित है, जिसकी दीवारों पर उनके जीवन से संबंधित अद्भुत चित्रकारी देखने को मिलती है। साथ ही भगवान राम, लक्ष्मण, भरत एवं शत्रुघ्न के आराध्य शिवलिंग भी यहां स्थापित हैं।
हनुमान घाट एवं मंदिर की पूजा-अर्चना और संपूर्ण व्यवस्था दशनामी जूना अखाड़ा के अधीन संचालित होती है। यह क्षेत्र दक्षिण भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपराओं का भी प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां स्थित श्रृंगेरी शंकराचार्य मंदिर विशेष महत्व रखता है, जहां कुंभ स्नान के उपरांत विभिन्न अखाड़ों के साधु दर्शन हेतु अवश्य पहुंचते हैं।
हनुमान घाट की गलियों और वातावरण में प्रवेश करते ही ऐसा प्रतीत होता है मानो व्यक्ति वैदिक काल में पहुंच गया हो। चारों ओर वैदिक मंत्रोच्चार, आध्यात्मिक वातावरण और धार्मिक ऊर्जा का अनुभव होता है।
इसी पवित्र भावना को ध्यान में रखते हुए “नमामि गंगे” अभियान के अंतर्गत हनुमान घाट की स्वच्छता कर सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया गया। संदेश स्पष्ट है कि स्वच्छता केवल व्यवस्था नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं रोगमुक्त जीवन का आधार है।