ज्ञानवापी केस में अदालती कार्यवाही पर फिर लगा विराम, पांच दिसंबर को होगी सुनवाई

ज्ञानवापी के 1991 के मूल मुकदमे की सुनवाई टली, पांच दिसंबर को अगली तारीख
 

वाराणसी। ज्ञानवापी परिसर से जुड़े वर्ष 1991 के मूल मुकदमे में शुक्रवार को प्रस्तावित सुनवाई नहीं हो सकी। मुकदमे की मूल पत्रावली संबंधित अदालत में उपलब्ध नहीं होने के कारण उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड की ओर से दाखिल प्रार्थना पत्र पर सुनवाई टालनी पड़ी। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए पांच दिसंबर की तिथि निर्धारित की है।

प्रकरण के अनुसार, ज्ञानवापी परिसर में नए मंदिर के निर्माण और हिंदुओं को पूजा-पाठ का अधिकार देने से संबंधित वर्ष 1991 का मूल मुकदमा लंबे समय से न्यायालय में लंबित है। इसी मामले में कार्यवाही नहीं किए जाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने एक जनवरी 2026 को अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया था।

शुक्रवार को इस प्रार्थना पत्र पर सुनवाई प्रस्तावित थी, लेकिन मूल मुकदमे की पत्रावली उपलब्ध नहीं हो सकी। दरअसल, ज्ञानवापी से संबंधित एक लंबित पुनरीक्षण याचिका की सुनवाई के लिए मूल पत्रावली को विशेष न्यायाधीश द्वितीय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) पूनम पाठक की अदालत में स्थानांतरित किया गया है। इसी वजह से संबंधित अदालत में पत्रावली उपलब्ध नहीं रही और सुनवाई आगे नहीं बढ़ सकी।

अब इस मामले में पांच दिसंबर को सुनवाई होगी। करीब 35 वर्षों से लंबित इस मुकदमे में आगे की न्यायिक कार्यवाही को लेकर सभी पक्षों की निगाहें अदालत के अगले कदम पर टिकी हैं।