वाराणसी के पर्यटन स्थलों के विकास पर सरकार सख्त, लंबित कार्यों में लाई जाएगी तेजी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयुक्त सभागार में पर्यटन विभाग की निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वाराणसी मंडल के अंतर्गत संचालित पर्यटन परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी गई। समीक्षा के दौरान करखियाँव स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गांव के सौंदर्यीकरण, लमही में साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद के पैतृक आवास को संग्रहालय के रूप में विकसित करने, कर्मदेश्वर महादेव मंदिर, कपिलधारा मंदिर, गुरु धाम, नागा बाबा मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर, दशाश्वमेध घाट, सारनाथ स्थित धमेख स्तूप पर लाइट एंड साउंड शो, राही पर्यटक आवास गृह, पर्यटन आवास गृह परेड कोठी, केदार घाट तथा वाराणसी रेलवे स्टेशन स्थित पर्यटन सूचना केंद्र के उच्चीकरण सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
इसके अलावा गाजीपुर, जौनपुर एवं चंदौली जनपदों में पर्यटन विभाग की स्वीकृत तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दिसंबर माह से पूर्व सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा निर्धारित मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों को कार्यों की नियमित प्रगति से अवगत कराने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने जिन परियोजनाओं पर अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर शुरू कराने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यों में अनावश्यक विलंब करने वाली कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि आवश्यकतानुसार श्रमिकों एवं संसाधनों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए।
बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र 'दयालु', राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विधायक अवधेश सिंह, नीलकंठ तिवारी, सुनील पटेल एवं त्रिभुवन राम, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, अदिति पटेल, अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण वोहरा, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।