राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय द्वारा शिविर का आयोजन, 177 मरीजों का हुआ नि:शुल्क उपचार
May 20, 2026, 23:42 IST
वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के दनियालपुर में बुधवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। ग्राहक सेवा केन्द्र भारतीय स्टेट बैंक दनियालपुर परिसर में आयोजित इस शिविर में राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय चौबेपुर एवं राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय कबीरचौरा के चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार सिंह एवं डॉ. निलाही भट्टाचार्य ने कुल 177 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक औषधियां वितरित कीं।
शिविर में दो काउंटर बनाए गए थे। काउंटर संख्या-1 पर 75 तथा काउंटर संख्या-2 पर 102 मरीजों की जांच की गई। जांच के दौरान अधिकांश मरीज बाल रोग, उदर रोग, त्वचा रोग एवं मौसमी बीमारियों से पीड़ित पाए गए। चिकित्सकों ने मरीजों को दवा के साथ-साथ खानपान, स्वच्छता एवं बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह भी दी।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए इसे जनहितकारी पहल बताया। शिविर को सफल बनाने में विजय कुमार, मीनू देवी, मोटीलाल गुप्ता, मोनू बरनवाल, रौनक प्रजापति एवं राजेश पहलवान का विशेष सहयोग रहा।