वाराणसी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम उद्घाटन के लिए तैयार, मोदी- योगी संग उपस्थिथ रहेंगे कई खिलाड़ी ...
वाराणसी। वाराणसी के गंजारी में बन रहा उत्तर प्रदेश का बहुप्रतीक्षित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। करीब 95 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अगले दो महीने में इसे पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा। प्रशासनिक तैयारियां भी तेज हो गई हैं और योजना है कि स्टेडियम का उद्घाटन एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के साथ किया जाए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ देश के कई बड़े क्रिकेटरों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
दो महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य
करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस विश्वस्तरीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण अंतिम चरण में है। निर्माण एजेंसियां फिनिशिंग कार्य तेजी से पूरा कर रही हैं ताकि तय समय के भीतर स्टेडियम उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार हो सके।
भगवान शिव की थीम पर तैयार हो रहा स्टेडियम
गंजारी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की सबसे बड़ी विशेषता इसकी अनूठी शिव थीम है। स्टेडियम का मुख्य पवेलियन भगवान शिव के डमरू की आकृति में बनाया जा रहा है, जबकि फ्लड लाइट्स त्रिशूल के आकार में तैयार की गई हैं। प्रवेश द्वार बेलपत्र की डिजाइन पर आधारित है और स्टेडियम की छत अर्धचंद्र के स्वरूप में विकसित की जा रही है, जो काशी की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती है।
30 हजार दर्शकों की क्षमता, भविष्य में होगा विस्तार
स्टेडियम में शुरुआती चरण में 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इसकी क्षमता 40 हजार तक बढ़ाने की योजना भी बनाई गई है। यहां डे-नाइट अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के आयोजन की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
आसपास के गांवों में विकास को मिली नई रफ्तार
स्टेडियम निर्माण का प्रभाव आसपास के गांवों में भी साफ दिखाई देने लगा है। बेहतर सड़कें, मजबूत बिजली व्यवस्था और बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों ने पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। निर्माण कार्य से जुड़े इंजीनियरों, कर्मचारियों और श्रमिकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय व्यापारियों की आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
गंजारी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम: एक नजर में
-
शिलान्यास: 23 सितंबर 2023
-
लागत: लगभग 450 करोड़ रुपये
-
निर्माण कार्य: 95% पूरा
-
बैठने की क्षमता: 30,000 (भविष्य में 40,000 तक विस्तार)
-
थीम: भगवान शिव
-
पवेलियन: डमरू आकार
-
फ्लड लाइट्स: त्रिशूल आकार
-
प्रवेश द्वार: बेलपत्र डिजाइन
-
सुविधा: डे-नाइट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच
स्थानीय लोगों को दिख रहा बड़ा बदलाव
स्थानीय निवासी का कहना है कि स्टेडियम बनने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। अजय कुमार विश्वकर्मा का मानना है कि आने वाले वर्षों में गंजारी वाराणसी के प्रमुख विकास केंद्रों में शामिल होगा। वहीं सोनू पटेल के अनुसार, पहले जहां सड़कें जर्जर थीं, अब बेहतर सड़क और यातायात व्यवस्था से लोगों को काफी राहत मिली है।