वाराणसी में 15 लाख का गांजा बरामद, ऑपरेशन चक्रव्यूह में एक गिरफ्तार
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा पुलिस ने बुधवार, 14 अक्टूबर को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के अंतर्गत पचपेड़वा स्थित लोहे की पुरानी पानी की टंकी के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 31.275 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से गांजा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे चार पहिया वाहन को भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज किशोर गोंड (27), पुत्र स्वर्गीय राज नारायण गोंड, निवासी नवाडेरा, पुराना भोजपुर, थाना भोजपुर, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 30 पैकेट गांजा बरामद किए गए।
वाहन और अन्य सामान भी बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा महिंद्रा वीरो चार पहिया वाहन, 1,400 रुपये नकद, एक कीपैड मोबाइल फोन और पशु आहार की 10 बोरियां बरामद कीं। पुलिस बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने इस मामले में थाना सिगरा में मुकदमा संख्या 0431/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में अभियोग पंजीकृत किया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर, पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में की गई। सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज और प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान को अंजाम दिया।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र, उपनिरीक्षक शिवम मिश्रा, रोहित त्रिपाठी, सुधीर कुमार अग्रहरी, अंकित कुमार राय, शुभेन्दु दीक्षित और दुर्गा प्रसाद सहित हेड कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह, ब्रह्मदेव सिंह तथा आरक्षी नागेन्द्र सिंह और प्रदीप कुमार शामिल रहे।