तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, मुठभेड़ में दबोचा गया सरगना

भूत-प्रेत का डर दिखाकर महिलाओं को लूटने वाले गैंग का खुलासा
 
 

आजमगढ़। भूत-प्रेत, तंत्र-मंत्र और पारिवारिक संकट का भय दिखाकर महिलाओं से आभूषण व नकदी ठगने वाले अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का आजमगढ़ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरोह के सरगना को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, सरायमीर थाना क्षेत्र की एक महिला से उसके पति पर भूत-प्रेत का साया होने का झांसा देकर कान की बाली, गले का लॉकेट, मोबाइल फोन और लगभग एक लाख रुपये की नकदी ठग ली गई थी। मामले में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के सदस्यों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

खरेवा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने लगे। पीछा करने पर उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान इम्तियाज खान के रूप में हुई है। उसके कब्जे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, महिलाओं के आभूषण, 11,100 रुपये नकद, एक देशी तमंचा तथा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने भाई के साथ विभिन्न बाजारों और कस्बों में घूमकर अधेड़ महिलाओं को निशाना बनाता था। इसके बाद उन्हें जादू-टोना, तंत्र-मंत्र और परिवार पर आने वाले संकट का भय दिखाकर विश्वास में लेता और शुद्धिकरण या पूजा-पाठ के नाम पर उनके जेवर, नकदी तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आजमगढ़, बरेली, बुलंदशहर और मुजफ्फरनगर समेत कई जनपदों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, भूत-प्रेत और अंधविश्वास के नाम पर लोगों को भ्रमित करने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।