नमो घाट पर गूंजा ‘बम बम’ का जयकारा, गणेश आचार्य ने महादेव को समर्पित गीत किया लॉन्च

काशी में गंगा तट पर आयोजित कार्यक्रम में फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ के भक्तिमय गीत का अनावरण किया गया। जुनैद कुमार और कल्याण वसंत की आवाज से सजे इस गीत को गणेश आचार्य ने लिखा है, जबकि इसका संगीत जुनैद कुमार ने तैयार किया है।
 

वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में छठ पूजा के अवसर पर संगीत और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्म निर्माता गणेश आचार्य ने नमो घाट पर अपनी आगामी फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ के शिव भक्ति गीत ‘बम बम’ का भव्य अनावरण किया। गंगा तट पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और कलाकार के प्रशंसकों की मौजूदगी रही।

ज़ी म्यूजिक कंपनी की ओर से प्रस्तुत इस गीत में भगवान शिव की आराधना को आधुनिक संगीत के अंदाज में पेश किया गया है। इसे जुनैद कुमार और कल्याण वसंत ने अपनी आवाज दी है। गीत की रचना गणेश आचार्य ने की है, जबकि इसका संगीत जुनैद कुमार ने तैयार किया है।

काशी में गीत लॉन्च करना खास अनुभव : गणेश आचार्य

गीत के अनावरण के दौरान गणेश आचार्य ने काशी से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की नगरी में छठ पूजा के शुभ अवसर पर महादेव को समर्पित अपनी फिल्म का प्रमुख गीत लॉन्च करना उनके लिए बेहद खास है। उनके मुताबिक, ‘बम बम’ केवल एक गाना नहीं, बल्कि उनके परिवार की आस्था और भक्ति की अभिव्यक्ति है।

गणेश आचार्य ने बताया कि वाराणसी उनके फिल्मी सफर का अहम हिस्सा रहा है। उन्होंने अभिषेक बच्चन की फिल्म ‘बस इतना सा ख्वाब है’ के गीत ‘रामजी’ की शूटिंग से काशी में काम की शुरुआत की थी। इसके बाद रणबीर कपूर की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ सहित कई परियोजनाओं के सिलसिले में भी उनका यहां आना हुआ।

फिल्म के प्रमोशन को मिला नया पड़ाव

‘बम बम’ का लॉन्च फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ के प्रचार अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे पहले फिल्म के ट्रेलर को भी फिल्म जगत की कई चर्चित हस्तियों का समर्थन मिला था। अक्षय कुमार, अजय देवगन, संजय दत्त, रणवीर सिंह, विक्की कौशल, कृति सेनन, वरुण धवन और टाइगर श्रॉफ सहित कई कलाकारों ने गणेश आचार्य के सफर की सराहना करते हुए फिल्म के लिए शुभकामनाएं दी थीं।

V2S प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रस्तुत इस फिल्म की निर्माता सौंदर्या आचार्य हैं। फिल्म की कहानी, लेखन और निर्देशन गणेश आचार्य ने किया है। पटकथा और संवाद दिगांगना सूर्यवंशी तथा गणेश आचार्य ने लिखे हैं। फिल्म का संगीत ज़ी म्यूजिक कंपनी के माध्यम से जारी किया जा रहा है।

11 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ में संगीत, नृत्य और सिनेमा के जरिए एक कलाकार के संघर्ष और सफलता के सफर को दर्शाया गया है। फिल्म 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। वहीं, ‘बम बम’ गीत ज़ी म्यूजिक कंपनी के माध्यम से प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध करा दिया गया है।