वाराणसी में GAIL का नया कीर्तिमान! 1 लाखवें डीपीएनजी उपभोक्ता का सम्मान, महापौर ने किया शुभारंभ
वाराणसी। स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए GAIL (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी में अपने 1,00,000वें डीपीएनजी (डोमेस्टिक पाइप्ड नेचुरल गैस) उपभोक्ता को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम तरना स्थित शांति कुंज अपार्टमेंट में आयोजित किया गया, जहां शहर में तेजी से बढ़ रहे पीएनजी नेटवर्क की सफलता का जश्न मनाया गया।
कार्यक्रम में वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ GAIL वाराणसी के महाप्रबंधक सुशील कुमार, सीएम-स्टील प्रवीण सिंह, एसओ-मार्केटिंग देबाशीष साहू, सीनियर इंजीनियर सुमित सागर एवं मार्केटिंग असिस्टेंट जे. आकाश व कौशलेंद्र मिश्रा सहित GAIL वाराणसी की टीम के लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर महापौर ने 1 लाखवें डीपीएनजी उपभोक्ता को प्रमाणपत्र एवं उपहार हैम्पर प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही उनके द्वारा अपार्टमेंट में पीएनजी गैस आपूर्ति का शुभारंभ भी किया गया। इस पहल को क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अपने संबोधन में GAIL वाराणसी के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने कहा कि कंपनी तेजी से घर-घर पीएनजी कनेक्शन पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को भी पीएनजी नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है, जिससे लोगों को एलपीजी सिलेंडर की झंझट से राहत मिल रही है।
उन्होंने कहा कि पीएनजी एक सुरक्षित, विश्वसनीय और 24 घंटे उपलब्ध रहने वाला ईंधन है, जो पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ उपभोक्ताओं के लिए सुविधाजनक भी है। GAIL ने वाराणसी में गैस पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार, सीएनजी स्टेशनों के विकास और निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य किया है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अपने संबोधन में GAIL के प्रयासों की सराहना करते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक पीएनजी कनेक्शन अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सुविधा न केवल सुरक्षित है बल्कि लोगों के दैनिक जीवन को आसान और सुविधाजनक भी बनाती है। उन्होंने शहर में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वाराणसी लगातार आधुनिक सुविधाओं से लैस हो रहा है।
कार्यक्रम के अंत में 1 लाखवें उपभोक्ता को सम्मानित कर स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। यह उपलब्धि GAIL इंडिया लिमिटेड की प्रतिबद्धता, तेजी से हो रहे नेटवर्क विस्तार और वाराणसी में स्वच्छ ऊर्जा क्रांति को आगे बढ़ाने के उसके प्रयासों का प्रतीक मानी जा रही है।