काशी में कल से सजेगा दक्षिण भारतीय संस्कृति का संगम, उपराष्ट्रपति करेंगे उद्घाटन
वाराणसी। काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और भाषाई संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से काशी में पांचवें काशी तमिल संगमम का आयोजन किया जा रहा है। 28 नवंबर को नमो घाट पर आयोजित भव्य समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन इस आयोजन का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी भी शामिल होंगे।
12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन में तमिलनाडु से बड़ी संख्या में प्रतिनिधि वाराणसी पहुंचेंगे। इस बार संगमम की थीम 'थिरुक्कुरल पयिलोम-थिरुक्कुरल अभ्यास करें' रखी गई है। इसके माध्यम से प्राचीन तमिल साहित्य के प्रसिद्ध ग्रंथ 'तिरुक्कुरल' में निहित नैतिकता, सदाचार, सामाजिक मूल्यों और जीवन दर्शन की शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस संस्करण में तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को देशभर के विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए विशेष शैक्षणिक अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत देश के 1,380 उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को जोड़ा जाएगा। प्रत्येक संस्थान से एक विद्यार्थी का चयन कर उसे तिरुक्कुरल के अध्ययन और शोध से संबंधित गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित शर्तों के अनुसार 10 हजार रुपये की इंटर्नशिप राशि भी दी जाएगी।
50 शिक्षक स्कूल-कॉलेजों में देंगे जानकारी
आयोजन के दौरान तमिलनाडु से आए 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से विद्यार्थियों को परिचित कराएंगे। इनमें वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के शिक्षण संस्थान शामिल होंगे। विद्यार्थियों के बीच संवाद, प्रश्नोत्तरी और शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से तमिल साहित्य एवं संस्कृति को समझने का अवसर मिलेगा। तिरुवल्लुवर द्वारा रचित तिरुक्कुरल में कुल 1,330 दोहे हैं, जिनमें जीवन मूल्यों, नैतिकता और सामाजिक व्यवहार से जुड़ी शिक्षाएं दी गई हैं।
सात विशेष ट्रेनों से पहुंचेंगे तमिलनाडु के प्रतिनिधि
तमिलनाडु से आने वाले प्रतिनिधियों के लिए विशेष रेल व्यवस्था की गई है। सात विशेष ट्रेनों के माध्यम से अलग-अलग समूहों में प्रतिभागी वाराणसी पहुंचेंगे। काशी में उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा। रेलवे स्टेशन पर तिलक, माल्यार्पण, शंखध्वनि, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ अतिथियों के अभिनंदन की तैयारी है। उनके आवागमन के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की व्यवस्था भी की गई है।
दक्षिण भारतीय व्यंजनों से महकेगा काशी का आतिथ्य
संगमम में तमिलनाडु की खानपान परंपरा की झलक भी देखने को मिलेगी। अतिथियों के लिए इडली-सांभर, नारियल की चटनी, उपमा, रसम, लेमन राइस और दही-चावल जैसे पारंपरिक दक्षिण भारतीय व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके लिए तमिलनाडु से रसोइये, मसाले और आवश्यक सामग्री मंगाई जा रही है।
काशी के साथ अयोध्या और प्रयागराज का भी करेंगे भ्रमण
कार्यक्रम में शामिल प्रतिनिधियों को वाराणसी के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के भ्रमण के साथ अयोध्या और प्रयागराज ले जाने की भी योजना है। उनके ठहरने, खानपान और भ्रमण की जिम्मेदारी आईआरसीटीसी संभालेगा। इस आयोजन में बीएचयू और आईआईटी (बीएचयू) की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी। आईआईटी मद्रास के सहयोग से शैक्षणिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा।
12 दिसंबर को आयोजित समापन समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। काशी तमिल संगमम का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत की साझा विरासत, ज्ञान परंपरा और आपसी संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।