कचहरी परिसर में शुरू हुई मुफ्त हाई-स्पीड Wi-Fi सेवा, महापौर ने किया शुभारंभ

 क्यूआर कोड स्कैन करते ही चालू होगा हाई-स्पीड इंटरनेट, भीड़ में भी नहीं थमेगी स्पीड
 
 क्यूआर कोड स्कैन करते ही चालू होगा हाई-स्पीड इंटरनेट, भीड़ में भी नहीं थमेगी स्पीड

वाराणसी। नगर निगम वाराणसी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ-साथ डिजिटल सुविधाओं से भी सशक्त करने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कचहरी परिसर स्थित बनारस बार एसोसिएशन सभागार में नि:शुल्क हाई-स्पीड वाई-फाई सेवा का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर महापौर ने कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट आम नागरिकों की बुनियादी आवश्यकता बन चुका है। वाराणसी को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं, वादकारियों, छात्रों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कचहरी परिसर में वाई-फाई जोन स्थापित किया गया है।

नगर निगम की यह डिजिटल पहल चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है। पहले चरण में अस्सी घाट और दशाश्वमेध घाट पर मुफ्त वाई-फाई सुविधा शुरू की गई थी। दूसरे चरण में बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर को इस सेवा से जोड़ा गया। अब तीसरे चरण में कचहरी परिसर को भी इस सुविधा से जोड़ दिया गया है। इसके साथ ही शहर के पांच प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को नि:शुल्क हाई-स्पीड इंटरनेट उपलब्ध होने लगा है।

नगर निगम द्वारा वाई-फाई जोन में विशेष सूचना बोर्ड लगाए गए हैं, जिन पर क्यूआर कोड उपलब्ध कराया गया है। उपयोगकर्ता अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर आसानी से मुफ्त इंटरनेट सेवा का लाभ उठा सकेंगे।

इस सेवा के संचालन की जिम्मेदारी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) को सौंपी गई है। बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नेटवर्क को इस प्रकार तैयार किया गया है कि कचहरी परिसर में अधिक भीड़ होने की स्थिति में भी इंटरनेट की गति और कनेक्टिविटी प्रभावित न हो तथा उपयोगकर्ताओं को निर्बाध सेवा मिलती रहे।

कार्यक्रम का संचालन बनारस बार एसोसिएशन के महामंत्री सुधांशु मिश्रा ने किया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम, महामंत्री आशीष कुमार सिंह, पूर्व महामंत्री अश्वनी राय, बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ला, उपाध्यक्ष सतीश यादव, भाजपा महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी, पार्षद मदन मोहन दुबे, बलराम कन्नौजिया, संदीप रघुवंशी, अरविंद सिंह, संदीप मौर्य, कमलेश यादव, संयुक्त नगर आयुक्त जितेंद्र आनंद, नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव, बीएसएनएल के एसडीओ अभिजीत कुमार साहा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।