चार साल के मासूम के सिर से उठा पिता का साया, हाथी के हमले में महावत की मौत
वाराणसी। रामनगर की प्रसिद्ध रामलीला के दौरान हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल महावत घपलू नट उर्फ छपलू की उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, बीते 18 अक्टूबर को घपलू नट हाथी को नहलाने के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान हाथी अचानक बेकाबू हो गया और उसने महावत को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर चोट के बाद संक्रमण फैलने के कारण चिकित्सकों को उनका बायां पैर भी काटना पड़ा, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घपलू नट चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी सरीकुन और चार साल का एक बेटा है। पिता की मौत से मासूम के सिर से बचपन में ही पिता का साया उठ गया। पति की मौत से पत्नी सरीकुन और मां कलावती का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। घर के सदस्य की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।