वाराणसी में देर रात बड़ा सड़क हादसा, आमने-सामने की टक्कर में पांच घायल
वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र स्थित हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर शुक्रवार देर रात दो कारों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना तेज था कि टाटा पंच कार करीब 50 फीट तक पलटती हुई गई और रैंप में फंसकर रुकी। दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना मिलते ही हरहुआ पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरहुआ भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा रात करीब 1:20 बजे हुआ, जब हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर मारुति ब्रेजा और टाटा पंच की आमने-सामने टक्कर हो गई।
दुर्घटना में ब्रेजा कार सवार लोहता थाना क्षेत्र के मौढ़ेला निवासी प्रशांत कुमार (26), मंडुवाडीह के भुल्लनपुर निवासी यथार्थ गोस्वामी (25) तथा सुंदरपुर निवासी मनीष पांडेय (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं टाटा पंच में सवार मीरजापुर कोतवाली क्षेत्र के बुंदेलखंडी निवासी वैभव चौरसिया और जय चौरसिया भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। साथ ही घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई।
हरहुआ चौकी प्रभारी विवेकानन्द द्विवेदी ने बताया कि सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेज दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।