वाराणसी में फर्जी दरोगा गिरफ्तार, पुलिस की वर्दी पहनकर नौकरी दिलाने का झांसा देने का आरोप

Fake Sub Inspector Arrested Varanasi: वाराणसी में पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को दरोगा बताने और सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे मांगने के आरोप में युवक को हिरासत में लिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
 

वाराणसी। जिले में पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को दरोगा बताने और लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देने के आरोप में एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपी पर आरोप है कि वह पुलिस अधिकारी बनकर लोगों पर रौब जमाता था और नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

दोस्त की शिकायत पर खुला मामला

जानकारी के अनुसार, युवक पर अपने एक परिचित को उत्तर प्रदेश पुलिस में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर पैसे मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस की वर्दी पहनकर जमाता था रौब

पुलिस के मुताबिक आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों के बीच खुद को दरोगा बताता था। उसका हावभाव और बातचीत का तरीका भी पुलिस अधिकारी जैसा था, जिससे लोग आसानी से उसके झांसे में आ जाते थे। आरोप है कि जब कोई व्यक्ति अपने पैसे वापस मांगता या नौकरी के बारे में पूछता, तो वह कथित तौर पर जेल भेजने की धमकी देता था।

पुलिस टीम पहुंची तो दिखाने लगा रौब

शिकायत के बाद जब पुलिस आरोपी के घर पहुंची तो उसने पुलिसकर्मियों पर भी रौब जमाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया और पूछताछ शुरू कर दी।

जांच में जुटी पुलिस

गिरफ्तार युवक की पहचान राजन (22 वर्ष), निवासी इंदरपुर, थाना शिवपुर के रूप में हुई है। मामला चोलापुर थाना क्षेत्र से जुड़ा है।चोलापुर थाना प्रभारी सधुबन राम गौतम ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने नौकरी दिलाने के नाम पर कितने लोगों से संपर्क किया, कितनों से पैसे लिए या मांगने का प्रयास किया तथा उसका कोई आपराधिक इतिहास है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।