उद्यमी मनीष सिंह हत्याकांड! न्याय की मांग को लेकर पत्नी अंकिता करेंगी शांतिपूर्ण धरना

वाराणसी के कारोबारी मनीष सिंह हत्याकांड में उनकी पत्नी अंकिता सिंह ने 29 मई को कचहरी पर शांतिपूर्ण धरने का ऐलान किया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर दोषियों को बचाने का आरोप लगाया है।
 

“एक महीने बाद भी नहीं मिला न्याय”, पुलिस पर दबाव में काम करने का लगाया आरोप

वाराणसी। ग्रामीणों की कथित बेरहमी से पिटाई के शिकार उद्यमी मनीष सिंह हत्याकांड में अब उनकी पत्नी अंकिता सिंह ने न्याय की लड़ाई को तेज करने का ऐलान किया है। सोमवार को अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए अंकिता सिंह ने कहा कि वह अपने पति को न्याय दिलाने के लिए आगामी 29 मई को जिला मुख्यालय (कचहरी) पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगी।

अंकिता सिंह ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि घटना के एक महीने बाद भी परिवार को न्याय नहीं मिला है और मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।

 

“दोषियों को बचाया जा रहा है”

भावुक अंदाज में अंकिता सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि “पीले गमछे” के दबाव में दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है।

उन्होंने कहा कि उनके पति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में परिवार को मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ भावुक वीडियो

इस बीच अंकिता सिंह का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह रोते हुए अपने पति के लिए न्याय की मांग करती नजर आ रही हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों में भी मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

26 अप्रैल को हुई थी घटना

बताया गया कि 26 अप्रैल की रात कारोबारी मनीष सिंह फैक्ट्री से काम खत्म कर कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान घमहापुर गांव के पास उनकी कार से एक महिला को टक्कर लग गई।

परिजनों के अनुसार मनीष सिंह भागने के बजाय गाड़ी रोककर घायल महिला की मदद करने लगे, लेकिन इसी बीच ग्रामीणों और महिला के परिजनों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। आरोप है कि उग्र भीड़ ने कानून हाथ में लेते हुए मनीष सिंह पर हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल मनीष सिंह को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

29 मई को होगा धरना

अंकिता सिंह ने कहा कि यदि परिवार को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने आमजन से भी धरने में शामिल होकर न्याय की इस लड़ाई में साथ देने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और परिवार न्याय की मांग पर अड़ा हुआ है।