खेती के साथ सौर ऊर्जा उत्पादन पर जोर, एग्रीवोल्टाइक शोध को गति देने के निर्देश
वाराणसी। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के सचिव एवं कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने रविवार, 22 नवंबर को वाराणसी स्थित भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में संचालित अनुसंधान गतिविधियों, आधुनिक तकनीकों और विभिन्न प्रयोगशालाओं का निरीक्षण कर वैज्ञानिकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सब्जी अनुसंधान एवं विकास के कार्य वैश्विक मानकों के साथ देश की स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर किए जाने चाहिए, ताकि शोध का सीधा लाभ किसानों तक पहुंच सके।
दौरे की शुरुआत में सचिव ने संस्थान परिसर में लाल चंदन का पौधरोपण किया। इसके बाद उन्होंने कृषि प्रक्षेत्र का भ्रमण कर वहां विकसित सब्जियों की विभिन्न किस्मों, उत्पादन तकनीकों और कृषि निवेशों के उपयोग से संबंधित प्रदर्शनों का अवलोकन किया। उन्होंने बीज विधायन संयंत्र, बीज उत्पादन क्षेत्र, जैविक खेती इकाई, जैव संसाधन उत्पादन इकाई, हाईटेक नर्सरी पौध उत्पादन संयंत्र और संरक्षित खेती के माध्यम से सब्जी उत्पादन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसके अलावा उन्होंने बीएसएल-3 सुविधा, स्पीड ब्रीडिंग एवं जीनोम एडिटिंग सुविधा, जैव उर्वरक विकास प्रयोगशाला, तुड़ाई उपरांत फसल संवर्धन इकाई, कीटनाशी अवशेष प्रयोगशाला और टिश्यू कल्चर प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित वैज्ञानिकों से अनुसंधान कार्यों, तकनीकी नवाचारों और उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी प्राप्त की।
नवाचार और गुणवत्ता विकास पर विशेष जोर
वैज्ञानिकों के साथ आयोजित समीक्षा एवं संवाद बैठक की शुरुआत वंदे मातरम् और आईसीएआर के गान से हुई। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने सचिव ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी का स्वागत करते हुए संस्थान की प्रमुख गतिविधियों, अनुसंधान कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान देशभर के किसानों के हित में सब्जियों की उन्नत किस्मों, उत्पादन तकनीकों और आधुनिक अनुसंधान के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करने और अनुसंधान कार्यों को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि वैज्ञानिक सामूहिक प्रयासों से वैश्विक मानकों और देशज आवश्यकताओं के अनुरूप अनुसंधान करें, जिससे देश के किसानों को बेहतर तकनीक और नवाचारों का लाभ मिल सके।
उन्होंने संस्थान में एग्रीवोल्टाइक तकनीक पर किए जा रहे कार्यों को गति देने के साथ ही नवाचार और गुणवत्ता विकास पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि एग्रीवोल्टाइक एक ऐसी आधुनिक प्रणाली है, जिसमें एक ही भूमि पर खेती के साथ सौर ऊर्जा का उत्पादन भी किया जाता है। इससे भूमि का बेहतर उपयोग संभव है।
परंपरागत शोध के साथ आधुनिक तकनीकों की सराहना
आईआईवीआर में पारंपरिक सब्जी अनुसंधान के साथ जीनोम एडिटिंग जैसे आधुनिक और हाईटेक शोध कार्यक्रमों के संचालन की सराहना करते हुए सचिव ने कहा कि संस्थान में अनुसंधान के दोनों पहलुओं पर एक साथ काम किया जा रहा है, जो सराहनीय है। उन्होंने वैज्ञानिकों से शोध की गुणवत्ता, तकनीकी नवाचार और किसानों के लिए उपयोगी परिणामों पर विशेष फोकस बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन प्रधान वैज्ञानिक डॉ. नीरज सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रधान वैज्ञानिक डॉ. डीपी सिंह ने प्रस्तुत किया।