"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान का शुभारंभ, पुलिस आयुक्त ने दिया हरित वाराणसी का संदेश
वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को अपने कैंप कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिसकर्मियों एवं आमजन से अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, वायु प्रदूषण, भूमि क्षरण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि एक विकसित वृक्ष अपने आसपास के वातावरण का तापमान खुले क्षेत्र की तुलना में लगभग 10 डिग्री सेल्सियस तक कम महसूस करा सकता है। वृक्ष शुद्ध ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, भू-जल संरक्षण, वर्षा चक्र को सुदृढ़ करने, बाढ़ नियंत्रण तथा मिट्टी के कटाव को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अभियान के अंतर्गत पुलिस लाइन, कमिश्नरेट के सभी पुलिस कार्यालयों, थानों, चौकियों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मोहित अग्रवाल ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी भी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण की मजबूत नींव रखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि वाराणसी पुलिस का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।