'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

रोहनिया में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को मिला जनसहभागिता का समर्थन
 

रोहनिया। बच्छाव स्थित महामना मालवीय इंटर कॉलेज परिसर में गुरुवार को सृजन सामाजिक विकास न्यास के तत्वावधान में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण, स्वच्छता एवं पर्यावरण जनजागरूकता रैली तथा पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता न्यास के अध्यक्ष एवं पर्यावरणविद अनिल सिंह ने की, जबकि संचालन एवं व्यवस्थापन प्रधानाचार्य चंद्रमणि सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन विभाग के आईएफएस रवि सिंह ने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया। इसके पश्चात पर्यावरणविद अनिल सिंह ने उपस्थित छात्रों एवं शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने तथा स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई।

इसके बाद आईएफएस रवि सिंह एवं पर्यावरणविद अनिल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर छात्रों की जनजागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़े प्रेरक नारे लगाते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि, पर्यावरणविद एवं प्रधानाचार्य ने संयुक्त रूप से विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया।

​​​​​​​

मुख्य अतिथि आईएफएस रवि सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक छात्र एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो जल संकट और प्रदूषण जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

पर्यावरणविद अनिल सिंह ने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने स्वच्छता और जल संरक्षण को प्रत्येक व्यक्ति की दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य चंद्रमणि सिंह ने कहा कि विद्यालय परिवार पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव संवेदनशील रहा है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र सिंह, नरेंद्र पटेल, अनिल यादव, शिव कुमार पटेल, हरेंद्र यादव सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।