वाराणसी में एयर शो के दौरान काशी विश्वनाथ धाम में बदलेगी दर्शन व्यवस्था, श्रावण सोमवार की तर्ज पर होगा भीड़ प्रबंधन
22, 24 और 25 अक्टूबर को संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन की तैयारी, प्रवेश-निकास मार्गों और बैरिकेडिंग पर रहेगा विशेष ध्यान
रिपोर्ट- वंशिका सेठ
वाराणसी। आगामी 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो के मद्देनजर श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष प्रबंधन व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया है। इन तिथियों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए धाम में श्रावण मास के सोमवार की तर्ज पर आवागमन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की जाएगी।
इस संबंध में शनिवार, 17 अक्टूबर को श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित सभागार में मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पुलिस विभाग तथा सीआरपीएफ के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में एयर शो के दौरान संभावित भीड़ के प्रभावी प्रबंधन और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने के उपायों पर चर्चा की गई।
बैठक में तय किया गया कि जरूरत के अनुसार श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास मार्गों को व्यवस्थित किया जाएगा। भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए समुचित बैरिकेडिंग की व्यवस्था होगी। साथ ही, मंदिर प्रशासन, पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आवागमन को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया गया।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। प्रवेश और निकास मार्गों पर पर्याप्त प्रबंधन, सुरक्षित आवागमन तथा दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे किए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता एवं जिम्मेदारी से काम करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि भीड़ प्रबंधन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और मंदिर परिसर में अनुशासित व्यवस्था बनाए रखना सभी संबंधित इकाइयों की सामूहिक जिम्मेदारी होगी। व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
श्री काशी विश्वनाथ धाम प्रशासन के अनुसार, एयर शो के दौरान दर्शनार्थियों को अनावश्यक असुविधा से बचाने के लिए संबंधित विभागों के सहयोग से तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य संभावित भीड़ के बीच दर्शन व्यवस्था को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाए रखना है।