बंगाल की खाड़ी के असर से बदला मौसम, वाराणसी में फिलहाल नहीं होगी बारिश
बंगाल की खाड़ी के असर से बदला मौसम, वाराणसी में फिलहाल नहीं होगी बारिश
वाराणसी। बंगाल की खाड़ी में बने दबाव क्षेत्र के प्रभाव से काशी समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं। इसका असर वाराणसी के मौसम पर भी साफ दिखाई दे रहा है। जिले में उमस और गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है तथा मौसम विभाग के अनुसार पूरे सप्ताह बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि 19 जुलाई को भारी बारिश होने के संकेत दिए गए हैं।
सोमवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री कम 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 75 से 80 प्रतिशत के बीच बना रहा। दिनभर कभी हल्के बादल छाए रहे तो कभी तेज धूप निकलने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में मानसूनी द्रोणी अपनी सामान्य स्थिति से काफी उत्तर की ओर, तराई क्षेत्र में खिसक गई है। साथ ही प्रदेश में फिलहाल कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, जिसके कारण मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ गई हैं।
उन्होंने बताया कि अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम संबंधी गतिविधियां सीमित रहेंगी। कहीं-कहीं हल्की एवं छिटपुट बारिश हो सकती है, लेकिन व्यापक वर्षा की संभावना नहीं है। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने से उमस और गर्मी में इजाफा होगा।
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बन रही नई मौसमी हलचल के चलते आने वाले दिनों में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। इसी के मद्देन मुताबिक 19 जुलाई के आसपास वाराणसी सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।