डिस्चार्ज पेपर में कथित त्रुटि से मरीज को मेडिकल क्लेम नहीं मिला, अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

 

वाराणसी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय, पाण्डेयपुर में इलाज के दौरान कथित प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया है। चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर ग्राम निवासी गौतम पुत्र गुलाब ने आरोप लगाया है कि अस्पताल से जारी किए गए डिस्चार्ज प्रमाणपत्र में गलत तिथि दर्ज होने और चिकित्सक की मोहर नहीं होने के कारण उन्हें मेडिकल क्लेम का लाभ नहीं मिल सका।

पीड़ित के अनुसार, 7 मई 2026 को सीने में अचानक दर्द होने पर परिजनों ने 108 एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय के मेडिकल वार्ड में भर्ती कराया, जहां बेड संख्या 12 पर उनका उपचार शुरू हुआ। उनका कहना है कि उपचार के दौरान कुछ स्वास्थ्यकर्मियों का व्यवहार संतोषजनक नहीं था। इसके बाद 9 मई 2026 को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

गौतम का आरोप है कि अस्पताल द्वारा दिए गए डिस्चार्ज पेपर में भर्ती की तिथि 07/07/2026 अंकित कर दी गई, जबकि वास्तविक भर्ती 07/05/2026 को हुई थी। इसके अलावा डिस्चार्ज पत्र पर चिकित्सक की मोहर भी नहीं लगाई गई। इस त्रुटिपूर्ण दस्तावेज के कारण उनका मेडिकल क्लेम निरस्त हो गया।

पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कई बार अस्पताल प्रशासन से डिस्चार्ज प्रमाणपत्र में संशोधन कराने का अनुरोध किया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा सही दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की है।