वाराणसी में स्टंटबाजी का विरोध करने पर चालक से मारपीट, कार्रवाई की मांग
वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के अलईपुरा स्थित सिटी स्टेशन के समीप सड़क पर बाइक से स्टंट करने का विरोध करना एक मालवाहक चालक को भारी पड़ गया। आरोप है कि स्टंट करने से मना करने पर युवकों ने चालक के साथ मारपीट की और उसे गली में ले जाकर लात-घूंसों के साथ धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित ने जैतपुरा थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी।
पीड़ित गोलू पटेल पुत्र पारसनाथ पटेल, निवासी एस-24/81, टमाटपुर, कैंट, वाराणसी के अनुसार, वह रात में अपनी मालवाहक गाड़ी संख्या UP65 QT 1646 से चावल की बोरियां लादकर जा रहा था। इसी दौरान अलईपुरा स्थित सिटी स्टेशन के पास दो युवक बाइक से स्टंट करते हुए उसकी गाड़ी के बगल से लहराते हुए निकले। इससे वाहन अनियंत्रित होने की स्थिति बन गई। चालक ने जब युवकों की इस हरकत का विरोध किया तो आरोप है कि वे स्कूटी से उसकी गाड़ी के आसपास चक्कर लगाने लगे।
पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद युवकों ने जबरन उसकी गाड़ी रुकवाई और उसे खींचकर गली में ले गए। वहां लात-घूंसों से मारपीट करने के साथ धारदार हथियार से कई बार हमला किया। हमले में गंभीर रूप से घायल चालक चीखते हुए सड़क पर गिर पड़ा। पीड़ित के मुताबिक, होश आने पर उसे जानकारी मिली कि जैतपुरा पुलिस तीन युवकों को पकड़कर थाने ले गई है।
गोलू पटेल ने पुलिस को नामजद लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उसका आरोप है कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद पुलिस ने रात में उसे समझा-बुझाकर सुलह-समझौता करा दिया और घर भेज दिया।
फिलहाल, मामले में पीड़ित की ओर से लगाए गए आरोपों और पुलिस की कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि होना शेष है।