वाराणसी में गंगा नहीं, सीवर की बाढ़ ने शिवाला के दर्जनों घरों को बनाया बंधक
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला इलाके में इन दिनों गंगा की बाढ़ से अलग सीवर के गंदे पानी की समस्या ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सीवर का पानी गलियों और आसपास के घरों तक पहुंचने से दर्जनों परिवार प्रभावित बताए जा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सीवर का पानी लगातार सड़क और गलियों में जमा होने से आवागमन बाधित है। कई घरों के बाहर गंदा पानी जमा होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी से दुर्गंध फैलने के साथ ही संक्रमण और बीमारी का खतरा भी बढ़ गया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या नई नहीं है और जलनिकासी व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण बारिश या सीवर ओवरफ्लो होने पर स्थिति गंभीर हो जाती है। लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल सीवर की सफाई, जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और जमा पानी की निकासी कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर शहर में गंगा के जलस्तर को लेकर चिंता बनी हुई है, वहीं शिवाला क्षेत्र में सीवर का पानी ही लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान कब तक कराता है।