गोरखपुर: दिव्या यादव बनीं एक दिन की सहजनवां थाना प्रभारी

 

गोरखपुर। महिला सशक्तीकरण और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 6.0 के तहत सहजनवां थाने में अनूठी पहल की गई। संस्कार एकेडमी, रिठुआखोर की कक्षा 11 की छात्रा दिव्या यादव को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनाया गया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली समझने के साथ पुलिसकर्मियों से संवाद किया और महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त की।

एक दिन की थाना प्रभारी बनीं दिव्या यादव ने अपने साथ आए विद्यार्थियों के साथ थाने का निरीक्षण किया। उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा और बालिकाओं से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया गया। साथ ही फरियादियों की समस्याओं को सुनने और पुलिस की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला।

थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र ने छात्राओं को कानून के प्रति जागरूक रहने और अपने अधिकारों की जानकारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति जैसी पहल से बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें भविष्य में नेतृत्व के लिए तैयार करने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम में सब-इंस्पेक्टर हर्षित कुमार ने महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों 1090, 108, 102, 1098, 1076, 181, 1030 और डायल 112 की जानकारी दी। वहीं, सब-इंस्पेक्टर धीरेन्द्र यादव और कांस्टेबल आनंद शर्मा ने साइबर अपराध से बचाव तथा ऑनलाइन सुरक्षा के उपाय बताए।

दिव्या यादव ने कहा कि एक दिन के लिए थाना प्रभारी की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए गर्व की बात है। इस अनुभव से उन्हें नेतृत्व क्षमता विकसित करने और देश व समाज की सेवा करने की प्रेरणा मिली है।

मिशन शक्ति 6.0 के तहत आयोजित यह पहल बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।