10 दिनों में 5,000 पौधों का वितरण! रेड एफएम वाराणसी का हरियाली एक्सप्रेस अभियान संपन्न...

Red Fm Hariyali Express Campaign Varanasi: रेड एफएम वाराणसी के हरियाली एक्सप्रेस अभियान का सफल समापन हुआ। 10 दिनों तक चले इस पर्यावरण अभियान में 5,000 पौधों का वितरण कर लोगों को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया गया।
 
Red Fm Hariyali Express Campaign Varanasi: रेड एफएम वाराणसी ने 10 दिनों में 5,000 पौधों का किया वितरण! हरियाली एक्सप्रेस अभियान संपन्न...

 

वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेड एफएम वाराणसी द्वारा चलाया गया 10 दिवसीय "हरियाली एक्सप्रेस" अभियान रविवार को रविदास घाट पर आयोजित समापन समारोह के साथ संपन्न हो गया। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया तथा 5,000 पौधों का वितरण किया गया।

अभियान को जिला वन अधिकारी स्वाति सुमन श्रीवास्तव, महापौर अशोक कुमार तिवारी, वाराणसी नगर निगम तथा गंगा टास्क फोर्स का सहयोग प्राप्त हुआ। पौधों की व्यवस्था वन विभाग और गंगा टास्क फोर्स द्वारा की गई।

 

समापन समारोह में खुला आसमान संस्था के बच्चों ने "सेव अर्थ, सेव गंगा" विषय पर नुक्कड़ नाटक, चॉक आर्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 137 सीईटीएफ बटालियन, गंगा टास्क फोर्स के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल प्रवीण शर्मा रहे। इस अवसर पर टाटा ग्रुप की ब्रांड मैनेजर आयुषी, श्रम मंत्रालय भारत सरकार के पूर्व संयुक्त सचिव ए.एस.एन. मूर्ति तथा अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स एथलीट नीलू मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में रेड एफएम वाराणसी के स्टेशन हेड रमेश श्रीवास्तव एवं प्रोग्रामिंग हेड आरजे शशांक ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, स्वयंसेवकों एवं वाराणसीवासियों का आभार व्यक्त किया।

आयोजकों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना था, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से शहर की हरियाली को बढ़ावा दिया जा सके।