काशी विश्वनाथ धाम में भक्ति संगीत की गूंज, सांस्कृतिक संध्या ने मोहा मन
वाराणसी। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित मंदिर चौक में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। देवी आराधना और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को समर्पित इस कार्यक्रम में भजन गायन और नृत्य प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन उद्घोषिका मीनाक्षी दीक्षित ने किया।
सांस्कृतिक संध्या में भजन गायक प्रवीण कुमार सिंह ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से सराबोर किया। इसके बाद भजन गायक शेर सिंह ने भजनों के माध्यम से देवी आराधना की छटा बिखेरी। वहीं, सोनी सेठ के नृत्य समूह ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के साथ भारतीय कला, संगीत और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना रहा। मंदिर न्यास की ओर से नवरात्रि के प्रत्येक दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सनातन परंपराओं और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।