दिल्ली एक्सपोजर विजिट: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र पहुंचे क्वींस कॉलेज के विद्यार्थी, संस्थान के इतिहास को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

 

नई दिल्ली/वाराणसी। पांच दिवसीय एक्सपोजर विजिट के अंतर्गत वाराणसी के पीएम राजकीय क्वींस कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने देश की राजधानी दिल्ली में स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर क्वींस कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों के साथ केंद्र के निदेशक डॉ. धर्मचन्द चौबे से मुलाकात की।

भ्रमण के दौरान निदेशक डॉ. धर्मचन्द चौबे ने क्वींस कॉलेज की समृद्ध शैक्षिक विरासत और ऐतिहासिक महत्व की सराहना करते हुए इसे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में ऐतिहासिक दस्तावेज के रूप में स्थान देने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि क्वींस कॉलेज की शैक्षणिक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर संरक्षित और प्रस्तुत किया जाएगा।

साथ ही क्वींस कॉलेज के पुस्तकालय के डिजिटलीकरण को लेकर भी महत्वपूर्ण सहमति बनी। डॉ. चौबे ने इस संबंध में राज्य पुस्तकालय, कोलकाता के महानिदेशक से वार्ता कर शीघ्र प्रस्ताव भेजने की बात कही, ताकि पुस्तकालय की दुर्लभ सामग्री डिजिटल रूप में सुरक्षित की जा सके।

प्रधानाचार्य सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने इसे क्वींस कॉलेज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि डॉ. धर्मचन्द चौबे स्वयं क्वींस कॉलेज के 1989 बैच के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने अपनी मातृसंस्था के विकास और समृद्धि के लिए विशेष प्रतिबद्धता व्यक्त की है। डॉ. चौबे ने क्वींस कॉलेज को विद्यालयी शिक्षा की परंपरा में “एक विश्वविद्यालय के समान” बताते हुए इसे राष्ट्रीय स्तर का ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान बताया।

इस दौरान माननीय प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में छात्रा पायल पटेल का नाम लिए जाने पर भी उसकी प्रतिभा की सराहना की गई और विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया।

इस शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम में क्वींस कॉलेज के शिक्षक सुजीत गौड़ प्रभारी तथा शिक्षिका सुमी मिश्रा सह-प्रभारी के रूप में विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं। यह एक्सपोजर विजिट विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी साबित हो रही है।