दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, भूमिगत सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू
वाराणसी। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत भूमिगत सीवर लाइन बिछाने का काम सोमवार से शुरू हो गया। चौक थाने की ओर सीवर पाइपलाइन डालने के लिए करीब 4.30 मीटर गहरी खोदाई की जा रही है। कार्यस्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर लोहे के गार्ड और प्लेट लगाए जा रहे हैं। सीवर लाइन में इस्तेमाल होने वाली लोहे की पाइप भी मौके पर पहुंचा दी गई है।
पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब पांच मीटर लंबा और तीन मीटर चौड़ा गड्ढा तैयार किया जा रहा है। इसी के माध्यम से पाइप को जमीन के अंदर प्रेस कर आगे बढ़ाया जाएगा। इस तकनीक से पूरी सड़क की खोदाई किए बिना भूमिगत सीवर लाइन बिछाई जा सकेगी। मौके पर पहुंचाई गई पाइप करीब दो फीट चौड़ी और 20 फीट लंबी बताई गई है।
दालमंडी क्षेत्र में पहले से क्षतिग्रस्त सीवर और पेयजल पाइपलाइनों के कारण जलजमाव की समस्या बनी रहती है। भूमिगत सीवर लाइन का काम पूरा होने के बाद जलनिकासी व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। इसके बाद सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा।
दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना के तहत करीब 650 मीटर लंबे मार्ग को 17.4 मीटर चौड़ा किया जाना है। इसमें 10 मीटर चौड़ी सड़क और दोनों ओर 3.5-3.5 मीटर के फुटपाथ का निर्माण प्रस्तावित है। परियोजना की जद में 181 भवन और छह मस्जिदें प्रभावित हुई हैं। परियोजना को नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सीवर लाइन का काम शुरू होने के बाद सड़क निर्माण की प्रक्रिया में भी तेजी आने की उम्मीद है।