Varanasi News: दालमंडी में फिर गरजा बुलडोजर! 12 भवन जमींदोज, सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाया गया 100 ट्रॉली मलबा
वाराणसी। शहर के बहुप्रतीक्षित दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना को गति देने के लिए प्रशासन ने एक बार फिर बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को अभियान चलाकर 12 भवनों को ध्वस्त किया गया। ध्वस्तीकरण के बाद क्षेत्र में जमा मलबे को हटाने के लिए भी व्यापक कार्रवाई की गई, जिसके तहत लगभग 100 ट्रॉली मलबा बाहर निकाला गया।
वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की टीम ने सुबह छह बजे से अभियान शुरू किया। सड़क चौड़ीकरण और आगामी निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए ध्वस्त भवनों का मलबा तत्काल हटाने की व्यवस्था की गई। अधिकारियों के अनुसार, रोजाना करीब 100 वाहनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है।
अभियान के दौरान जेसीबी और अन्य भारी मशीनों का इस्तेमाल किया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रशासन का कहना है कि चौड़ीकरण परियोजना पूरी होने के बाद दालमंडी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
दालमंडी चौड़ीकरण योजना को शहर के प्रमुख विकास कार्यों में शामिल किया गया है। परियोजना के तहत संकरी गलियों और मार्गों को चौड़ा कर यातायात सुगम बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि कुल 12 भवनों को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, वीडीए और नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि संबंधित भवन स्वामियों को पूर्व में नोटिस जारी किया जा चुका था।
अधिकारियों के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के उद्देश्य से कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ध्वस्तीकरण और मलबा हटाने का कार्य एक साथ किए जाने से निर्माण कार्य में तेजी आएगी और परियोजना को जल्द पूरा करने में मदद मिलेगी।