दालमंडी सड़क चौड़ीकरण! 65 मकानों पर नोटिस, एक हफ्ते में नक्शा नहीं तो होगा ध्वस्तीकरण
वाराणसी। वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इस परियोजना के तहत कुल 187 मकानों में से 65 मकानों पर वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) द्वारा नोटिस चस्पा किया गया है।
गुरुवार को नोटिस मिलने के बाद नौ भवन स्वामी वीडीए कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याएं रखीं। उनका कहना था कि उनके मकान पुराने हैं और उनके पास स्वीकृत नक्शा नहीं है। इस दौरान नगर निगम अधिकारियों और भवन स्वामियों के बीच तीखी बहस भी हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया।
वीडीए ने साफ कर दिया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर भवन स्वामी अपने मकानों का स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
इस बीच लोक निर्माण विभाग (PWD) ने जानकारी दी कि 187 मकानों में से 47 की रजिस्ट्री पूरी कर ली गई है और करीब 33 करोड़ रुपये का मुआवजा भी वितरित किया जा चुका है। अब तक 15 मकानों को गिराया जा चुका है, जबकि बाकी पर कार्रवाई जारी है।
दालमंडी की सड़क को चौक थाना तक 17.5 मीटर चौड़ा किया जाना है। परियोजना में देरी पर शासन की नाराजगी के बाद जिला प्रशासन, पीडब्ल्यूडी और वीडीए तेजी से काम में जुट गए हैं।
प्राधिकरण ने जिन भवन स्वामियों को नोटिस जारी किया है, उनमें डॉ. अकबर अली, गुलाम रजा, काजिम रजा, मासूम रजा, प्यारे हसन, अंजुमन मुस्लिम मुसाफिरखाना के सचिव समेत अन्य लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि बरसात से पहले चौड़ीकरण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है, इसलिए प्रभावित मकानों को जल्द हटाया जाएगा।