CY-Vazra अभियान: वाराणसी में ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। प्रदेशव्यापी CY-Vazra (साइबर वज्र) अभियान के तहत वाराणसी कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कैंट थाना क्षेत्र में की गई, जहां लंबे समय से अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित होने की सूचना मिल रही थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, 68,275 रुपये नकद तथा ऑनलाइन सट्टेबाजी से संबंधित कई डिजिटल एवं अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी 'भाग्यलक्ष्मी' नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को सट्टा खिलाते थे। इसके लिए व्हाट्सएप समेत विभिन्न मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग कर ग्राहकों से संपर्क किया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह कथित तौर पर सट्टे के परिणामों में हेरफेर कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करता था। पुलिस का मानना है कि यह नेटवर्क सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा था और इसके तार अन्य लोगों से भी जुड़े हो सकते हैं।
इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस बरामद मोबाइल फोन एवं अन्य डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच करा रही है। जांच का उद्देश्य गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, तकनीकी सहयोगियों तथा अवैध कमाई के वित्तीय नेटवर्क का पता लगाना है। अधिकारियों ने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।