काशी की सड़कों पर उतरी भक्ति की भव्यता, गोवर्धन शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
वाराणसी। गोवर्धन पूजा समिति की ओर से मंगलवार, 10 नवंबर को अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू की अध्यक्षता में ऐतिहासिक गोवर्धन पूजनोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गोवर्धन धाम में सुबह की आरती के बाद विधिवत हवन-पूजन से हुई। भाला यादव, भोला यादव और अभय स्वाभिमानी के नेतृत्व में पूर्वाह्न 11 बजे तक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
इसके बाद दोपहर 12 बजे चेतगंज स्थित हथुआ मार्केट से विशाल शोभायात्रा निकाली गई। परमवीर चक्र विजेता कैप्टन योगेंद्र यादव ने इसका उद्घाटन किया। शोभायात्रा लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन, मछोदरी, प्रहलादघाट और भैंसासुर होते हुए नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम पहुंची। रास्ते भर विभिन्न व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई थी।
शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण, शिव-पार्वती और भगवान श्रीराम से जुड़ी आकर्षक आध्यात्मिक झांकियां शामिल रहीं। ग्वाल-बालों की टोली, बनारसी लट्ठबाजी (पटा बनेठी) और केदारनाथ मंदिर की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा के मार्ग में सड़क के दोनों ओर और मकानों की छतों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। शाम करीब पांच बजे शोभायात्रा गोवर्धन धाम पहुंचकर संपन्न हुई।
इसके पश्चात नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम के ओपन थिएटर में विशाल आध्यात्मिक सभा का आयोजन किया गया। सभा में मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव और पूर्व सांसद डीपी यादव उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली छह विभूतियों को मुख्य अतिथि द्वारा 'गोवर्धन श्री सम्मान' प्रदान किया गया। न्यायिक क्षेत्र में पूर्व न्यायाधीश महेंद्र सिंह यादव, चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. कुमार भास्कर, खेल के क्षेत्र में शिखा यादव, योग शिक्षा में प्रो. संबित भूषण, विज्ञान एवं अनुसंधान में अमित यादव तथा विधि के क्षेत्र में देवी प्रसाद यादव को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के प्रारूप की घोषणा ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष गोपाल जी यादव ने की। इसके बाद मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। समिति अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू ने स्वागत भाषण के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री जयप्रकाश यादव ने किया। अतिथियों का स्वागत डॉ. शिवनाथ यादव, इंजीनियर अशोक यादव, कैलाश यादव, अशोक यादव, सीताराम यादव और राजेश अहीर ने किया।