काशी के गंजारी स्टेडियम में क्रिकेट का काउंटडाउन शुरू, जय शाह ने परखी तैयारियां
वाराणसी। राजातालाब के गंजारी में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब बड़े क्रिकेट आयोजनों की मेजबानी के लिए तैयारियों के अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसी क्रम में बुधवार शाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। करीब एक घंटा 57 मिनट तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने मैदान, पिच, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों की सुविधाओं और प्रसारण व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेडियम में बिजली की खपत कम करने के लिए सोलर पैनल लगाने का सुझाव भी दिया।
जय शाह शाम करीब 6:10 बजे स्टेडियम पहुंचे। उनके साथ महापौर अशोक कुमार तिवारी, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दर्शक दीर्घा में लगी कुर्सियों की गुणवत्ता और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था को परखा। इसके अलावा मैदान की आउटफील्ड, जल निकासी प्रणाली, खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर और प्रसारण केंद्र का भी निरीक्षण किया। कैमरों की स्थापना, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा खिलाड़ियों और दर्शकों के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था की जानकारी ली। रात करीब 8:07 बजे वह एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।
15 दिन में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य
स्टेडियम में बिजली की खपत और जनरेटर पर निर्भरता कम करने के लिए जय शाह ने सोलर पैनल लगाने पर जोर दिया। इसके लिए उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) की ओर से कार्य किया जा रहा है। अगले 15 दिनों के भीतर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे बिजली की बचत के साथ संचालन खर्च में भी कमी आने की उम्मीद है।
दिसंबर में कूच बिहार ट्रॉफी के दो मुकाबले
गंजारी स्टेडियम में दिसंबर से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट की शुरुआत होगी। यहां कूच बिहार ट्रॉफी के दो मुकाबले निर्धारित किए गए हैं। पहला मैच तीन से छह दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और पुडुचेरी के बीच खेला जाएगा। वहीं दूसरा मुकाबला 11 से 14 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टीमों के बीच होगा। इन मैचों के सफल आयोजन से भविष्य में वाराणसी में बड़े घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी की संभावनाएं मजबूत होंगी।
काशी की संस्कृति की झलक दिखाता है स्टेडियम
करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस स्टेडियम की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को रखी थी। 30 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले इस परिसर में 30 हजार से ज्यादा दर्शकों के बैठने की क्षमता है। स्टेडियम में नौ मुख्य पिचों के अलावा अभ्यास के लिए अलग मैदान और पांच नेट पिचें बनाई गई हैं। इसकी खास पहचान डमरू के आकार में तैयार मीडिया सेंटर और त्रिशूल की आकृति वाले फ्लडलाइट टावर हैं। परिसर में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक ड्रेसिंग रूम, जिम, चिकित्सा कक्ष और अन्य सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। काशी की सांस्कृतिक पहचान को आधुनिक खेल सुविधाओं से जोड़कर तैयार किया गया यह स्टेडियम पूर्वांचल में क्रिकेट गतिविधियों का नया केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।