काशी पहुंचे CM योगी! विकास कार्यों की समीक्षा बैठक, करोड़ो छात्रों को छात्रवृत्ति वितरण तक कई बड़े कार्यक्रम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंचे। काशी विश्वनाथ व काल भैरव मंदिर में दर्शन, अधिकारियों संग समीक्षा बैठक, शिक्षकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का शुभारंभ और 1.10 करोड़ छात्रों को डीबीटी से धनराशि हस्तांतरित करेंगे।
 
दो दिवसीय दौरा शुरू, 1.10 करोड़ छात्रों के खातों में भेजेंगे धनराशि समीक्षा बैठक से लेकर

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर धर्म और विकास की नगरी वाराणसी पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरा, जहां प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से सीधे सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

 

इस बैठक में मुख्यमंत्री ने वाराणसी में चल रही विकास परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था, मानसून के दौरान बाढ़ की तैयारियों, जलभराव की स्थिति, साफ-सफाई व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और जनता से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। साथ ही संभावित बाढ़ और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया।

 

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री काल भैरव मंदिर भी जाएंगे, जहां काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। काशी की धार्मिक परंपरा के अनुसार किसी भी महत्वपूर्ण यात्रा और कार्यक्रम से पहले बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के दर्शन का विशेष महत्व माना जाता है।

धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री रोहनिया स्थित एक होटल में आयोजित उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री नवदंपति को आशीर्वाद देंगे और समारोह में मौजूद अतिथियों से भी मुलाकात करेंगे। रात्रि विश्राम मुख्यमंत्री का सर्किट हाउस में प्रस्तावित है।

दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बड़ा लालपुर स्थित ट्रेड फैसिलिटी सेंटर पहुंचेंगे, जहां शिक्षा विभाग के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों तथा शिक्षामित्रों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के लागू होने के बाद प्रदेश के हजारों शिक्षक और शिक्षामित्र बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ कैशलेस व्यवस्था के तहत प्राप्त कर सकेंगे।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी के माध्यम से प्रदेश के करीब 1 करोड़ 10 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में छात्रवृत्ति और अन्य शैक्षिक सहायता की धनराशि एक क्लिक के जरिए हस्तांतरित करेंगे। सरकार का दावा है कि यह पहल शिक्षा को बढ़ावा देने और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

allowfullscreen

मुख्यमंत्री के सभी कार्यक्रमों को देखते हुए पूरे वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाया गया है। वीआईपी मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कार्यक्रम स्थलों को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है और ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम और सुरक्षा एजेंसियों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान भी लागू किया गया है।

अपने सभी निर्धारित कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पुलिस लाइन पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए मिर्जापुर जनपद के विंध्याचल धाम के लिए रवाना होंगे, जहां उनका अगला कार्यक्रम प्रस्तावित है।

फिलहाल मुख्यमंत्री के इस दो दिवसीय दौरे पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसमें विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और धार्मिक कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण समावेश है।