बनारस पहुंचे बादल, लेकिन बरस न सके, आज फिर बदलेगा मौसम

 
 

वाराणसी। पूर्वांचल में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। तराई क्षेत्र से नमी लेकर आए बादल गुरुवार को वाराणसी तक तो पहुंचे, लेकिन वातावरण में मौजूद अधिक उष्मा के कारण उनका अंतिम छोर आसमान में ही वाष्पीकृत हो गया। नतीजतन अधिकांश क्षेत्रों में बारिश नहीं हो सकी और कहीं-कहीं केवल एक-दो बूंदें ही गिरीं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शुक्रवार को एक बार फिर बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है।

क्षेत्रीय मौसम केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा उत्तरी-पश्चिमी बिहार के ऊपर तीन अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से पंजाब से लेकर गांगेय पश्चिम बंगाल तक मौसमी द्रोणी बनी हुई है। इसके चलते बंगाल की खाड़ी से निचले क्षोभमंडल में आर्द्र पुरवा हवाएं पहुंच रही हैं।

उन्होंने बताया कि इन नमीयुक्त पुरवा हवाओं का पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ी मध्य क्षोभमंडलीय ठंडी एवं शुष्क पछुआ हवाओं से टकराव पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी, तूफान और वर्षा की स्थितियां पैदा कर सकता है।

बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, पुरवा हवाएं अभी अपेक्षाकृत कमजोर हैं। इसी वजह से उत्तर दिशा से आने वाले बादलों का दक्षिणी और अंतिम हिस्सा वाराणसी के ऊपर पहुंचकर वातावरण में फंसी गर्मी के कारण सूख जा रहा है। गुरुवार को भी मौसम बनने के बावजूद बारिश नहीं हो सकी और दोपहर बाद बादल छंटने के साथ धूप निकल आई।

उन्होंने कहा कि शुक्रवार को पुनः अनुकूल परिस्थितियां बनेंगी और हल्की वर्षा होने की संभावना है। यदि इस बार भी बारिश नहीं हुई तो मानसून के आगमन में और देरी हो सकती है।

हालांकि दिनभर बादल छाए रहने से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। बीएचयू क्षेत्र में 0.1 मिमी बूंदाबांदी रिकॉर्ड की गई, जबकि अधिकतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम है।

आर्द्रता 49 से 70 प्रतिशत के बीच रही। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। वहीं बाबतपुर क्षेत्र में 0.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। यहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.1 डिग्री कम रहा।